अबोहर , अक्टूबर 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने अबोहर के अजय अटवाल हत्याकांड की एफआईआर में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं जोड़ने और शिव लाल डोडा का नाम शामिल करने की मांग की है।

उन्होंने चेतावनी दी कि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन पूरे पंजाब में फैल सकता है।

श्री सांपला रविवार को अबोहर में जारी धरने में शामिल हुए। अजय अटवाल का परिवार पिछले एक सप्ताह से शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए प्रदर्शन कर रहा है। सांपला के साथ विधायक संदीप जाखड़, एससी मोर्चा के पूर्व एवं प्रदेश अध्यक्ष विधायक शीतल अनुराग, फाजिल्का के भाजपा जिला अध्यक्ष सुखविंदर सिंह काका कंबोज और मुक्तसर के जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह भंगेवाला भी मौजूद थे।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए श्री सांपला ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मामले में दोषियों को कथित संरक्षण देना बंद करने और शिव लाल डोडा के खिलाफ भी उचित कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मानसा में परमिंदर सिंह झोटा और अबोहर में अजय अटवाल के परिवार न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यदि न्याय नहीं मिला तो यह आंदोलन राज्यव्यापी रूप ले सकता है।

श्री सांपला ने दावा किया कि अजय अटवाल वर्ष 2015 के भीम टांक हत्याकांड में गवाह था। इस मामले में शिव लाल डोडा उम्रकैद की सजा काट रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले भी भीम टांक के परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्षकिया था और अब अजय अटवाल के परिवार के साथ अन्याय नहीं होने देगी।

श्री सांपला ने आरोप लगाया कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने पहले भीम टांक के परिवार को न्याय और दिल्ली सरकार में परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में परिवार की मदद नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि अब सरकार उसी व्यक्ति का पक्ष ले रही है, जिसे भीम टांक की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया है।

भाजपा नेता ने कहा कि दलित समुदाय के धैर्य की परीक्षा नहीं ली जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अजय अटवाल के परिवार को न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन पूरे पंजाब में फैलाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित