अजमेर , अक्टूबर 25 -- राजस्थान में अजमेर में केन्द्रीय बस स्टैंड अब नया स्वरूप लेगा। विधानसभा अध्यक्ष वासूदेव देवनानी ने रविवार को सम्बंधित एजेंसियों के अधिकारियों के साथ मौका निरीक्षण किया। इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि करीब 50 वर्ष पहले निर्मित अजमेर के केन्द्रीय बस स्टैँड को पुनः अगले 50 वर्ष की जरूरत के अनुरूप निर्मित किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अजमेर विकास प्राधिकरण को बस स्टैँड निर्माण के लिए कार्यकारी एजेंसी बनाया है। यह करीब 70 करोड़ रूपए की लागत से आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। श्री देवनानी ने रविवार को बस स्टैँड के पुनर्विकास को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ पहली समन्वय बैठक की।
बैठक में अजमेर विकास प्राधिकरण, परिवहन विभाग, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम और पीडीकोर के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रस्तावित योजना, निर्माण की रूपरेखा, भूमि की उपलब्धता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर चर्चा की गई। पीडीकोर की ओर से बस स्टैँड के नए स्वरूप को लेकर प्रस्तुतीकरण पेश किया गया।
बस स्टैँड का नया नक्शा आधुनिक सुविधाओं के साथ शहर के सौन्दर्यीकरण को भी ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। इसमें गार्डन, आकर्षक प्रतिमा, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और आधुनिक संरचनाओं का समावेश होगा। यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन, बेहतर प्रतीक्षालय और व्यवस्थित बस संचालन की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित योजना में ऊंचे प्लैटफार्म, डिजिटल डिस्प्ले, बसों की वास्तविक स्थान की जानकारी, ई-बस चार्जिंग स्टेशन, डीजल पम्प और आधुनिक सुविधाओं से युक्त कार्यालयों की व्यवस्था शामिल होगी। वॉल्वो और एसी बसों सहित विभिन्न शहरों के लिए अलग-अलग प्लैटफार्म विकसित करने की योजना भी बनाई जा रही है। इससे यात्रियों को अपनी बस तक पहुंचने में सुविधा होगी और बसों का संचालन अधिक व्यवस्थित हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित