अजमेर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शनिवार को अजमेर में चंद्रवरदाई स्टेडियम में विद्याभारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, दिल्ली की ओर से आयोजित 37वीं अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में शिरकत करके युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
दिया कुमारी ने खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना और समर्पण की सराहना की। इससे पहले उन्होंने हॉकी थामकर प्रतियोगिता की विधिवत शुरुआत की ।
इस अवसर पर दिया कुमारी ने कहा कि हॉकी प्रतियोगिता को लेकर बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ियों की प्रतिभा सामने आती है और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलो इंडिया के माध्यम से खेलों को काफी बढ़ावा दिया है। राज्य सरकार भी खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
दिया कुमारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक भावना का भी विकास होता है। ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर प्रदान करती हैं।
इस अवसर पर अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, विद्या भारती मंत्री सुरेंद्र अरोड़ा, विद्या भारती जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश बालक-बालिकाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित