अजमेर , अगस्त 22 -- राजस्थान में अजमेर में 1501वां जश्ने ईद मिलादुन्नबी इस बार अकीदत, उल्लास और एक नए अंदाज में मनाया जाएगा।

पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के मौके पर निकलने वाले ऐतिहासिक जुलूस को लेकर अंजुमन शेखजादगान के सचिव सैयद कलीमुद्दीन चश्ती और सूफी इंटरनेशनल के सचिव नवाब हिदायत उल्ला ने शनिवार को यहां पत्रकारों को बताया कि इस बार जुलूस में डीजे की पिकअप पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही आतिशबाजी पर भी रोक रहेगी।

आयोजकों ने सभी से आग्रह किया कि जुलूस को शांतिपूर्ण, अनुशासित और गरिमापूर्ण तरीके से निकाला जाए। पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का सभी लोग पालन करें।

इस बार जुलूस का सबसे बड़ा संदेश स्वच्छता और इंसानियत होगा। आयोजकों ने कहा कि जुलूस मार्ग पर जहां-जहां लंगर, शरबत और तबर्रुक वितरित होगा, वहां पर्याप्त संख्या में कचरा पात्र लगाए जाएंगे।

वक्ताओं ने कहा कि युवा अपने-अपने मोहल्लों से अधिक से अधिक संख्या में जुलूस में शामिल हों और इस्लामी लिबास पहनकर आएं। युवाओं की गरिमापूर्ण और अनुशासित मौजूदगी से जुलूस की शान बढ़ेगी और शहर को यह संदेश जाएगा कि यह खुशी पैगम्बर साहब की आमद की है। वक्ताओं ने कहा कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी सिर्फ एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को मोहब्बत, इखलास, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम देने का मौका है। पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी जिंदगी मोहब्बत से पेश आने और पड़ोसियों का ख्याल रखने की तालीम दी। इसी तालीम को आगे बढ़ाते हुए जुलूस में शामिल हर शख्स जिम्मेदाराना व्यवहार करे।

26 अगस्त को जुलूस सुबह नौ बजे अंदरकोट स्थित ऐतिहासिक ढाई दिन के झोपड़े से रवाना होगा। कमानी गेट होते हुए दरगाह बाजार पहुंचेगा। दरगाह शरीफ के मुख्य द्वार से गुजरते हुए धान मंडी, दिल्ली गेट, गंज, ऋषि घाटी बाईपास होते हुए चिल्ला कुतुब साहब पहुंचेगा। दोपहर करीब एक बजे चिल्ला पर विभिन्न मिलाद पार्टियों द्वारा सलातो-सलाम पेश किया जाएगा। इसके बाद शहर काजी तौसीफ अहमद सिद्दीकी देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी सौहार्द के लिए विशेष दुआ कराएंगे।

इस मौके पर सूफी इंटरनेशनल अध्यक्ष हाजी सरवर सिद्दीकी, अंजुमन अध्यक्ष हाजी अजीम चिश्ती, लियाकत चिश्ती, मौलाना अय्यूब कासमी, सैयद एहतेशाम चिश्ती, काजी मुनव्वर अली सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित