अजमेर , जुलाई 13 -- राजस्थान में अजमेर के गंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने 13 लाख रुपये के नकली नोट बरामद करके एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मुखबिर से एक व्यक्ति के संदिग्धावस्था में खड़े होने की सूचना मिली। इस पर मौके पर जाकर युवक से पूछताछ की तो उसके पास एक थैली में 13 लाख रुपए के नकली नोट बरामद हुए। उसकी पहचान विक्रम के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि यह नोट उसे इंस्टाग्राम पर हुई मुलाकात के बाद अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गये हैं।

पुलिस ने बताया कि वेल्डिंग की दुकान पर कार्य करने वाले विक्रम ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले उसे नकली नोटों की छपी हुई कागज की शीट्स प्राप्त हुई थी। जिन्हें घर पर कैंची और कटर की सहायता से कटकर नोटों के रूप में बना लेता था और फिर भेजने वाला ही उसे सोशल मीडिया के माध्यम से किस कितने रुपए देने हैं उसकी जानकारी देता था। जिस पर वह संबंधित व्यक्ति को बताई हुई राशि के नकली नोट देता । उसकी एवज में उसे कुछ असली नोटों की प्राप्ति होती थी।

आरोपी ने खुलासा किया की उसके पास कुल 16 लाख रुपए थे जिसमें से वह दो-तीन बार में करीब तीन लाख रुपए के नकली नोट लोगों को दे चुका है। पुलिस ने आरोपी को आज अदालत में पेश करके पांच दिन की हिरासत में लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित