जयपुर , अक्टूबर 08 -- राजस्थान में अजमेर जिला पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे बंगलादेशी नागरिकों की पहचान एवं उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के अभियान के तहत एक और बंगलादेशी नागरिक को पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार अजमेर पुलिस एवं सीआईडी जोन की गठित विशेष टीम ने सूचना, तकनीकी साधनों एवं सघन जांच के दौरान दरगाह बाजार क्षेत्र से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया और पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद रफिकुल इस्लाम उर्फ सुमन (27) निवासी ग्राम हेराकंदी, थाना खलियाजुरी, जिला नेत्रोकोना, बंगलादेश बताया।
आरोपी बिनापोल बॉर्डर पश्चिम बंगाल से अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर कोलकाता से ट्रेन द्वारा अजमेर आया था और खानाबदोश के रूप में रह रहा था। अवैध रूप से सीमा पार करने की पुष्टि होने के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।
जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स की यह 26वीं कार्रवाई है और अब तक 60 बंगलादेशी नागरिक पकड़े जा चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित