अजमेर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के राजा साइकल चौराहे पर स्थित सीआरपीएफ ब्रिज की सड़क नवीनीकरण का शिलान्यास शनिवार को पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक अनीता भदेल ने किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवीनीकरण कार्य पर 60 लाख रूपये खर्च होंगे।
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद श्री भदेल ने पत्रकारों को बताया कि ब्रिज की तीनों भुजाओं की सड़क बहुत ही खराब हो गई थी, जिसके लिए राज्य सरकार से अनुशंसा की गई। अब सरकार की स्वीकृति के बाद शिलान्यास किया गया। इसके बाद सड़क का निर्माण दीपावली तक पूरा हो जायेगा। जिससे राहगीरों को बड़ी राहत मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि इसी ओर से रोडवेज बस स्टैंड तक भी नयी सड़क बनाने का काम भी जल्द शुरू होगा जिस पर करीब साढ़े तीन करोड़ रूपये की लागत आयेगी।
शिलान्यास समारोह में क्षेत्रीय नागरिकों के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व सभापति सुरेंद्र सिंह शेखावत भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित