जयपुर , जुलाई 15 -- राजस्थान के अजमेर में पुलिस ने एक बंगलादेशी महिला को हिरासत में लिया हैं और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, राज्यभर में अवैध रूप से रह रहे बंगलादेशी एवं रोहिंग्या घुसपैठियों की पहचान एवं निष्कासन के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है, जिसमें अजमेर जिले की थाना कृष्णगंज एवं सीआईडी (विशेष शाखा) जोन अजमेर की संयुक्त टीम ने इस महिला को हिरासत में लिया।
अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बुधवार को बताया कि अभियान के दौरान मंगलवार को पुलिस थाना कृष्णगंज को एक संदिग्ध महिला के बंगलादेशी नागरिक होने की सूचना मिली। सूचना पर थाना कृष्णगंज पुलिस एवं सीआईडी (विशेष शाखा) जोन अजमेर की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम मीम अख्तर (28) निवासी चंडिपाशा पोस्ट कोदालिया थाना पांकुदिया जिला किशोरगंज, ढाका (बंगलादेश) बताया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अवैध रूप से भारत- बंगलादेश सीमा पार कर भारत आने तथा 14 जुलाई को ही अजमेर पहुंचने की बात स्वीकार की है।
श्री अग्रवाला ने बताया कि महिला से उसके भारत आने के उद्देश्य, संपर्क सूत्रों तथा अन्य संभावित नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित