अजमेर , अक्टूबर 19 -- राजस्थान में अजमेर के आदर्शनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को पोलिटेक्निक कालेज में चुनावी ड्यूटी में तैनात एक जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत चुनाव में पोलिटेक्निक कालेज परिसर में ईवीएम स्ट्रांगरूम सुरक्षा में तैनात राजस्थान सशस्त्र पुलिस (आरएसी) जवान नरेंद्र गोदारा (31) ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गोली चलने की घटना की सूचना पर पुलिस दल सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु जांगिड़ भी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल भी घटना स्थल पर आये और मौका निरीक्षण किया। उन्होंने प्रथमदृष्टया आत्महत्या किये जाने की बात कही है। पुलिस कारणों का पता लगाने में जुटी है।

मृतक नरेंद्र गोदारा नौवीं आरएसी टोंक कम्पनी में पदस्थ था, जो यहां अजमेर में ईवीएम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में तैनात था। उसकी पत्नी भी पुलिस में कांस्टेबल बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित