जयपुर , फरवरी 16 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियन्ता बाबूलाल को एक मामले में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी अजमेर को शिकायत की कि उसकी फर्म को जारी किये गये वर्क ऑर्डर देने की एवज में राशि दो लाख 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांगी जा रही है। इस पर गत 11 फरवरी को रिश्वत की मांग का सत्यापन कराया गया जिसमें दो लाख रुपये की रिश्वत दिया जाना तय हुआ।
उन्होंने बताया कि इस पर ब्यूरो टीम द्वारा ट्रैप कार्यवाही करते हुये श्री बाबूलाल को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन एवं महानिरीक्षक राजेश सिंह के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ तथा अग्रिम कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामलें मे भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित