अजमेर , मई 14 -- राजस्थान के अजमेर से मुंबई एवं दौंड़ के लिए तीन नयी साप्ताहिक ट्रेनों के संचालन को स्वीकृति मिली है।

अजमेर संसदीय क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी के प्रयासों एवं अनुशंसा पर यह स्वीकृति मिली हैं।

श्री चौधरी ने बताया कि अजमेर से मुम्बई के लिए दो नयी साप्ताहिक ट्रेनों तथा दौंड के लिए एक नयी साप्ताहिक ट्रेन को स्वीकृति मिली है, जिनमें ट्रेन संख्या 09621 एवं 09622 अजमेर-मुम्बई साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को जयपुर, कोटा, रतलाम और सूरत मार्ग से संचालित होगी। ट्रेन संख्या 09625 एवं 09626 अजमेर-दौंड साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को जयपुर, कोटा, रतलाम और पूना होकर दौंड तक जाएगी।

इसके अतिरिक्त ट्रेन संख्या 09653 एवं 09654 अजमेर-मुम्बई साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को चित्तौड़गढ़, रतलाम और सूरत मार्ग से संचालित होगी। उन्होंने कहा कि इन नयी ट्रेनों के संचालन से उनके अजमेर संसदीय क्षेत्र सहित आसपास के जिलों के यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, कामगारों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा तथा रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा।

इन नयी रेल सेवाओं के शुभारंभ के अवसर पर शनिवार को सांय 5:30 बजे अजमेर रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें वह नयी ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे तथा यात्रियों से संवाद भी करेंगे।

उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का अजमेर संसदीय क्षेत्रवासियों की ओर से आभार जताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित