अजमेर , अक्टूबर 28 -- राजस्थान के अजमेर जिले में पंचायत चुनाव-2026 के लिए बुधवार को दूसरे चरण के मतदान में किशनगढ़ क्षेत्र की सिलोरा पंचायत समिति के पाटन गांव के मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया।
ग्रामीणों की मांग रही कि क्षेत्र में 'फ्लाईओवर' का निर्माण कराया जाये, ताकि सुविधाजनक आवागमन हो सके। प्राप्त जानकारी के अनुसार पाटन गांव के मतदान केंद्र 91-92 पर ग्रामीण मतदाताओं के मतदान के बहिष्कार की सूचना पर जिला क्लक्टर एवं निर्वाचन अधिकारी लोकबंधु और पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। इसी दौरान किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी भी पाटन पहुंचे और ग्रामीण मतदाताओं से बातचीत करके उनकी मांग को समझा।
केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री एवं सांसद भागीरथ चौधरी भी मौके पर आये और ग्रामीण मतदाताओं के साथ अधिकारियों से बात की। उन्होंने ग्रामीणों की अगुवाई करने वालों को समझाया भी। उन्होंने स्वीकार किया कि ग्रामीणों की मांग वाजिब है। उन्होंने ग्रामीणों से मतदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि हर हाल में फ्लाईओवर का निर्माण होगा। इससे पहले निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार चौधरी ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मतदाताओं ने इसे नहीं माना और राजमार्ग पर दुर्घटना की रोकथाम के लिए पुलिया निर्माण की मांग पर अड़ गये।
जिला कलेक्टर एवं निर्वाचन अधिकारी लोकबंधु ने बाद में पत्रकारों को बताया कि ग्रामीणों को बता दिया गया है कि राजमार्ग प्राधिकरण इस काम को करेगा। फ्लाईओवर के लिये कार्यादेश जारी किये जा चुके हैं। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान की जानकारी देते हुए मतदाताओं से लोकतंत्र के त्योहार में सभी से अपनी भागीदारी निभाने का अनुरोध किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित