अजमेर , अक्टूबर 31 -- राजस्थान में अजमेर स्थित राज्य के उच्च सुरक्षा कारागृह में एक कैदी ने बैनर और कागज के सहारे लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की कागज की प्रतिकृति बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अजमेर उच्च सुरक्षा कारागृह के कैदी ने सरदार पटेल की नौ फुट ऊंची कागज की प्रतिकृति बनाकर सबको अचंभित कर दिया। कुख्यात अपराधी आरिफ उर्फ सिकंदर ने कागज एवं बैनर के सहारे पटेल की फुट की प्रतिकृति तैयार की और अपने साथी कैदियों और जेल स्टाफ के साथ "राष्ट्रीय एकता दिवस" को मनाया।

कारागृह कैदियों ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया और देश की एकता,अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने की शपथ भी ली।

कारागृह अधीक्षक पारस जांगिड़ ने पत्रकारों को बताया कि कैदियों को रचनात्मक कार्य के लिये समय-समय पर प्रेरित किया जाता है। आज पटेल जयंती का आयोजन भी कारागृह नियमों के तहत सुरक्षा में किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित