अजमेर , अक्टूबर 20 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। पंचशील स्थित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भी चिकित्सकीय सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। क्षेत्रवासियों की मांग पर गणेश गुवाड़ी में इस नए आयुष्मान शहरी आरोग्य मंदिर की शुरुआत की गई है।
श्री देवनानी ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि नेशनल हेल्थ मिशन के तहत चार शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की स्थापना एवं संचालन के लिए कुल एक करोड़ 15 लाख 50 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई थी। इसके तहत गणेश गुवाड़ी स्वास्थ्य केन्द्र के लिए 28 लाख 87 हजार 500 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। केन्द्र के लिए 25 लाख रुपये का वार्षिक बजट भी आवंटित किया गया है। यहां एक चिकित्सक, दो नर्सिंगकर्मी एवं पैरामेडिकल स्टाफ तैनात किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा है कि प्रत्येक व्यक्ति निरोगी रहे तथा सभी को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी सोच के अनुरूप अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 12 नए शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जाने हैं। इनमें से 9 स्वास्थ्य केन्द्र प्रारम्भ कर दिए गए है, गणेश गुवाड़ी में शुरू हुआ यह 10वां केन्द्र है। शेष दो नए केन्द्र शीघ्र शुरू किए जाएंगे। इन केन्द्रों के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। यहां सामान्य चिकित्सा सेवाओं के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोगों की जांच एवं उपचार तथा स्वास्थ्य परामर्श की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। संभाग के सबसे बड़े जेएलएन चिकित्सालय में 190 करोड़ रुपये की लागत से सात मंजिला सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इसके शुरू होने से विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं की सेवाएं उपलब्ध होंगी और मरीजों को बेहतर उपचार के लिए प्रदेश से बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।
उन्होंने बताया कि जेएलएन अस्पताल में 24 घंटे स्पीकर हेल्पडेस्क संचालित है। इसके माध्यम से अब तक 15 हजार से अधिक मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। अस्पताल में 18 करोड़ रुपये की लागत से रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे जटिल ऑपरेशन आधुनिक तकनीक से किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोटड़ा सैटेलाइट अस्पताल में भी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं, जहां प्रतिदिन 400 से अधिक मरीज ओपीडी सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र की सभी डिस्पेंसरियों में एक्स-रे सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त विधायक कोष से क्षेत्र के लिए तीन नई एम्बुलेंस उपलब्ध करवाई गई हैं। हाल ही में एक एम्बुलेंस रेडक्रॉस सोसायटी को भी सौंपी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित