बुरहानपुर , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर वन मंडल के नावरा वन परिक्षेत्र के हैदरपुर गांव में गुरुवार सुबह एक किसान के खेत में अजगर ने लोमड़ी का शिकार कर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
ग्रामीणों ने सुबह खेत में अजगर और लोमड़ी के बीच संघर्ष देखा और तत्काल वन विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही नावरा वन परिक्षेत्र अधिकारी पुष्पेंद्र जादौन ने टीम को मौके पर भेजा।
वन विभाग की टीम ने सर्प मित्र खेमसिंह राठौड़ की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ लिया। बताया गया कि अजगर के हमले में लोमड़ी की मौत हो चुकी थी। रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित