काशीपुर (ऊधम सिंह नगर) , अक्टूबर 24 -- इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (ईआईएल) की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत काशीपुर में दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण समारोह आयोजित किया गया। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम लिमिटेड (एलिम्को), कानपुर के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में 93 दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार करीब Rs.40 लाख मूल्य के 178 उपकरण दिए गए।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को जरूरी उपकरण उपलब्ध कराकर उनके दैनिक जीवन को आसान बनाना और उनकी गतिशीलता व सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। कंपनी ने इसे दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का हिस्सा बताया।
93 दिव्यांग जनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, जॉयस्टिक व्हीलचेयर, व्हीलचेयर, बीटीई श्रवण यंत्र, टीएलएम किट, बैसाखी, छड़ी, दृष्टिबाधितों के लिए छड़ी व किट, वॉकर और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।
समारोह में मुख्य अतिथि नैनीताल सांसद अजय भट्ट, विशिष्ट अतिथियों में काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, ईआईएल के स्वतंत्र निदेशक आशीष गुप्ता, काशीपुर महापौर दीपक बाली और ईआईएल के वरिष्ठ महाप्रबंधक सुदीप मजूमदार जबकि एलिम्को की ओर से वरिष्ठ प्रबंधक विकास शर्मा और अधिकारी (सीएसआर) नीरज यादव उपस्थित रहे। एलिम्को ने कार्यक्रम में क्रियान्वयन सहयोगी की भूमिका निभाई।
ईआईएल के अनुसार इस पहल से लाभार्थियों को बेहतर गतिशीलता, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित