रायगढ़ , सितंबर 18 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को अघोरेश्वर भगवान राम जी के अवतरण दिवस के अवसर पर रायगढ़ स्थित बनोरा आश्रम पहुंचे और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

श्री साय ने आश्रम में अघोरेश्वर भगवान राम जी के दर्शन किए तथा उनके प्रिय शिष्य प्रियदर्शी बाबा जी से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि इस पवित्र अवसर पर आश्रम पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

मुख्यमंत्री ने बनोरा आश्रम की ओर से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि आश्रम में लगातार हेल्थ कैंप, आई कैंप और दिव्यांगजनों के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में यहां सीबीएसई पाठ्यक्रम का स्कूल शुरू किया गया है।

मुख्यमंत्री आज आश्रम के स्कूल भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में भी शामिल हुयें। उन्होंने आश्रम में भोजन ग्रहण किया और अघोरेश्वर भगवान राम जी तथा प्रियदर्शी बाबा जी से प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित