धार , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के बाग थाना क्षेत्र में मजदूरी के लिए ली गई अग्रिम राशि के विवाद में एक महिला के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को गुजरात से सकुशल बरामद कर लिया तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले के दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार बाणदा निवासी संतोष पिता शंकर देवका पिछले एक वर्ष से गुजरात के बारडोली स्थित एक प्लास्टिक कंपनी में मजदूरी करता था। इस दौरान उसने ठेकेदार भीकाजी से 20 हजार रुपये अग्रिम लिए थे। राशि लौटाए बिना वह अपने गांव वापस आ गया।
पुलिस ने बताया कि अग्रिम राशि की वसूली के लिए आरोपी राज डावर, दिनेश डावर, ठेकेदार का पुत्र भावेश तथा एक अन्य व्यक्ति संतोष के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने संतोष के साथ मारपीट की और उसकी पत्नी रिनुबाई को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। संतोष की शिकायत पर बाग थाना प्रभारी हिरुसिंह रावत के नेतृत्व में विशेष पुलिस दल गठित कर गुजरात भेजा गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बारडोली में दबिश देकर रिनुबाई को सकुशल बरामद कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राज उर्फ भगवान पिता मांगीलाल डावर, निवासी बंशी कॉलोनी, बाग तथा भावेश पिता भीकुभाई पटेल (26), निवासी बारडोली, गुजरात को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को कुक्षी न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित