कोटा , मई 19 -- राजस्थान में संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को न्यू मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक एवं नवीन चिकित्सालय का निरीक्षण किया।
श्री अग्रवाल ने मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक भवन में रेजिडेंट चिकित्सकों से वार्ता करके उनका पक्ष सुना और उनकी सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने अपराधियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्राचार्य कोे संविदा सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
श्री अग्रवाल ने सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में भर्ती छह प्रसूताओं के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड इलाज के बारे में डॉक्टरों से जानकारी ली और प्रसूताओं के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर संविदा गार्ड के रिकॉर्डस् की जांच की। निर्धारित रिकॉर्ड्स के अनुसार सुबह की पारी में 45 सुरक्षा गार्ड और दोपहर दो बजे से 25 सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था चिकित्सालय में होनी थी। प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, अधीक्षक एवं संविदा कंपनी सुपरवाइजर की उपस्थिति में सुरक्षा गार्डस् का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें कई कमियां पाई गई।
निरीक्षण के दौरान कुल 70 सुरक्षा गार्डस् में से सुबह की पारी में 45 में से 28 और दोपहर दो बजे से शुरू होने वाली पारी में 25 में से 10 सुरक्षा गार्ड ही उपस्थित पाए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित