जालौन , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में मंगलवार को 14 अप्रैल 1944 को बॉम्बे डाकयार्ड अग्निकांड में शहीद हुए 66 वीर अग्निशमन कर्मियों की याद में अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया गया, जिसके अंतर्गत जिले भर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। अग्निशमन केन्द्र उरई सहित कोंच, माधौगढ़, कालपी एवं जालौन में शोक परेड आयोजित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मियों ने मौन रखकर वीरों के साहस को याद किया।

इस दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित अन्य को पिन फ्लैग लगाकर अग्नि सुरक्षा का संदेश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने अग्निशमन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित