टिहरी , मई 04 -- उत्तराखंड में टिहरी जनपद में सोमवार को अग्निशमन सेवा की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार पीडब्ल्यूडी तिराहे के समीप एक ढाबे में भट्टी जल रही थी, जबकि दूसरी भट्टी पर गैस सिलेंडर बदला जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर में आग लग गई, जिससे आग तेजी से फैलने लगी और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
इसी बीच मौके से गुजर रही नरेंद्रनगर दमकल इकाई ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पा लिया जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना में झुलसे नविता (35) और प्रमोद कुमार (49), निवासी सिंबलचौड़, कोटद्वार को स्थानीय पुलिस एवं दमकल कर्मियों की मदद से तुरंत उपचार के लिए कैलाश गेट स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उपजिला चिकित्सालय ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित