कानपुर नगर , जुलाई 10 -- कानपुर जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जुलाई माह में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जबकि अगस्त से निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला विद्यालय वाहन परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता तथा घाटमपुर की विधायक सरोज कुरील की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में परिवहन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
विधायक सरोज कुरील ने कहा कि विद्यालयों में आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि जनपद के सभी विद्यालयों में संचालित स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट तथा अन्य आवश्यक मानकों की गहन जांच कराई जाए, ताकि बच्चों का आवागमन पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने परिवहन एवं शिक्षा विभाग को विद्यालयों के बाहर विशेष जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से स्कूली वाहन चालकों और संचालकों को सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों की जानकारी दी जाए तथा उनका पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से पहले वाहन संचालकों को पर्याप्त अवसर देकर जागरूक किया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने स्कूली वाहन चालकों की सुविधा के लिए रविवार को विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों में वाहन फिटनेस, दस्तावेजों का सत्यापन, आवश्यक जांच तथा अन्य औपचारिकताओं को एक ही स्थान पर पूरा कराया जाएगा, ताकि वाहन संचालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि इसके बाद भी यदि कोई वाहन संचालक निर्धारित मानकों का पालन नहीं करता है तो उसके विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सभी विद्यालयों के बाहर सड़क सुरक्षा और चेतावनी संबंधी साइन बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए गए, जिससे विद्यालय परिसरों के आसपास यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और अनुशासित बनाई जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जुलाई माह को पूर्णतः जागरूकता माह के रूप में संचालित किया जाएगा। इस अवधि में वाहन संचालकों को सुरक्षा मानकों के प्रति प्रशिक्षित और प्रेरित किया जाएगा। अगस्त माह से मानकों का पालन नहीं करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनपद के ऐसे पांच विद्यालयों का चयन किया जाए, जिनके स्कूली वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों का उत्कृष्ट रूप से पालन कर रहे हों। ऐसे विद्यालयों को जिला स्तर पर सम्मानित कर अन्य विद्यालयों को भी सुरक्षा मानकों के अनुपालन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित