नयी दिल्ली , जनवरी 28 -- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के अगले सप्ताह महत्वपूर्ण खनिज संबंधी बैठक में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका यात्रा पर जाने की संभावना है।

यह बैठक चार फरवरी को वांशिगटन में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की मेज़बानी में होगी।

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने आश्वासन दिया था कि भारत को अगले महीने अमेरिका के आठ देशों के समूह पैक्स सिलिका (सिलिकॉन आपूर्ति श्रृंखला) में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि दोनों देश व्यापार, टैरिफ और रूस से भारत के तेल आयात को लेकर महीनों से चले आ रहे तनाव के बाद लंबे समय से लंबित व्यापार वार्ताओं में भी प्रगति की उम्मीद कर रहे हैं।

श्री गोर ने कहा था कि अमेरिका और भारत केवल साझा हितों से ही नहीं, बल्कि उच्चतम स्तर पर स्थापित मजबूत संबंधों से जुड़े हैं।

उन्होंने फरवरी में भारत को पैक्स सिलिका व्यवस्था में शामिल करने की योजना की भी घोषणा की, जिसके तहत सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिजों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्रों में सहयोग किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित