कामरूप , मार्च 28 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा है अगले पांच वर्षों में असम की हर बहन को 'लखपति दीदी' बनाया जाएगा और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य के हर गरीब को पक्का घर दिया जाएगा।
वह असम के कामरूप ग्रामीण जिले की रंगिया विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार भावेश कालिता के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने संकल्प दोहराया कि अगले पांच वर्षों में असम की हर बहन को 'लखपति दीदी' बनाया जाएगा, जिसकी शुरुआत तीन लाख महिलाओं के साथ हो चुकी है।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल की आलोचना करते हुए राज्य के पिछड़ेपन के लिए उनके 'पांच महापापों' को जिम्मेदार ठहराया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।
श्री चौहान ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए उसके शासनकाल के पांच 'ऐतिहासिक पापों' का उल्लेख किया, जिनमें विभाजन के समय असम को पाकिस्तान को सौंपने की कथित साजिश जिसे गोपीनाथ बोरदोलोई ने विफल किया, वर्ष 1962 के चीन आक्रमण के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री नेहरू द्वारा असम को उसके हाल पर छोड़ देना, और वोट बैंक की राजनीति के लिए राज्य को घुसपैठियों का गढ़ बनाकर यहाँ की अस्मिता से खिलवाड़ करना शामिल है।
उन्होंने गोपीनाथ बोरदोलोई जैसे महापुरुषों को लंबे समय तक सम्मान न देकर उनका अपमान करने तथा असम आंदोलन के दौरान छात्रों पर गोलियां चलवाकर लोकतंत्र को कुचलने के दमनकारी प्रयासों को कांग्रेस की बड़ी विफलता बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित