नयी दिल्ली , मई 28 -- रेलवे ने कहा है कि तेलंगाना में काजीपेट रेल विनिर्माण इकाई अगले पांच वर्षों के दौरान 200 अत्याधुनिक इंटरसिटी ट्रेनों का निर्माण करेगी।

रेलवे ने गुरुवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जल्द ही रेलवे की काजीपेट रेल विनिर्माण इकाई इन ट्रेनों का निर्माण शुरू करेगी । यह बहुमुखी रेलवे रोलिंग स्टॉक निर्माण इकाई अगले पांच वर्षों में 200 इंटरसिटी ट्रेनों का निर्माण करेगी। विज्ञप्ति में कहा गया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने गुरुवार को यहां वरिष्ठ अधिकारियों के साथ काजीपेट रेल विनिर्माण इकाई को चालू करने की योजनाओं की समीक्षा की।

रेलवे के अनुसार आमतौर पर ये लगभग 300 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी और इस यात्रा में कई ठहराव होंगे ताकि नागरिक कस्बों और शहरों के बीच आसानी से आवागमन कर सकें। ये ट्रेनें विद्यार्थियों और आम लोगों की यात्रा जरूरतों को पूरा करेंगी, जो शिक्षा, स्वास्थ्य और काम की ज़रूरतों के लिए यात्रा करते हैं।

रेलवे ने कहा है कि ये इंटरसिटी ट्रेनें आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होंगी। इनमें दरवाज़ों का अपने आप बंद होना, बेहतर वेंटिलेशन और 20 कोचों की संरचना वाला सुरक्षित कोच डिज़ाइन और हर कोच में दो शौचालय की सुविधा होगी। इसके अलावा इन इंटरसिटी ट्रेनों में आधुनिक झटका-मुक्त कपलर और बोगियां होंगी। इन ट्रेनों को 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित