चंडीगढ़ , जून 13 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया है कि राज्य में उसकी 'उल्टी गिनती' शुरू हो चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी।
राजा वड़िंग ने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दोबारा मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं, जबकि पंजाब की जनता इस सरकार से तंग आ चुकी है और जल्द से जल्द इससे छुटकारा चाहती है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में आप न केवल सरकार बनाने में विफल रहेगी, बल्कि दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी।
राजा वड़िंग ने कहा कि पार्टी के कई मौजूदा विधायक भी उचित समय का इंतजार कर रहे हैं और 'डूबते जहाज' को छोड़ने की तैयारी में हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये देने के वादे को लेकर भी आप सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि चुनाव नवंबर में होते हैं, जैसा कि श्री केजरीवाल ने संकेत दिया है, तो महिलाओं को केवल 3,000 रुपये ही मिल पाएंगे, जबकि उन्हें अब तक 60,000 रुपये मिल जाने चाहिए थे। उन्होंने इसे पंजाब की महिलाओं के साथ 'सबसे बड़ा विश्वासघात' बताया और कहा कि जनता इसका जवाब चुनाव में देगी।
श्री केजरीवाल द्वारा पंजाब में ईमानदार सरकार देने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए राजा वड़िंग ने कहा कि यह बयान जमीनी हकीकत से बिल्कुल अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बिना रिश्वत के कोई काम नहीं हो रहा और भ्रष्टाचार ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिये हैं।
उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि श्री केजरीवाल ने विधानसभा चुनाव नवंबर में होने की बात किस आधार पर कही। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करना निर्वाचन आयोग का अधिकार है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह समझ से परे है कि श्री केजरीवाल को चुनाव की संभावित तारीख की जानकारी पहले से कैसे है।
राजा वड़िंग ने सवाल किया कि क्या उनका निर्वाचन आयोग से कोई 'सीधा संपर्क' है, जैसा कि वे भाजपा के साथ होने का आरोप लगाते रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पंजाब की जनता अब आप सरकार के दावों और वादों से प्रभावित नहीं होने वाली और आगामी चुनाव में राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित