मुंबई , जुलाई 16 -- महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(राकांपा) के नेता एवं कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने गुरूवार को कहा कि अगर मौजूदा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस केंद्र में जाते हैं या उन्हें भारत का प्रधानमंत्री बनाया जाता है, तब सुश्री सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालना चाहिए।
श्री दत्तात्रेय ने कहा, "मुख्यमंत्री के रूप में देवेंद्र फडणवीस का काम कार्य उल्लेखनीय है। राज्य में कई लोग चाहते हैं कि वे देश का शीर्ष नेतृत्व संभालें। महाराष्ट्र के किसी व्यक्ति के लिए शीर्ष पद संभालने और देश का नेतृत्व करने का सही समय जल्द ही आयेगा। अगर देवेंद्र फडणवीस केंद्र में जाते हैं, तो राज्य का नेतृत्व कौन करेगा, यह एक बड़ा प्रश्न है। हर दल के कार्यकर्ता और नेता चाहते हैं कि उनके अपने दल का नेता मुख्यमंत्री बने। इसी तरह मैं भी चाहता हूं कि राकांपा नेता सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की मुख्यमंत्री बनें।"कृषि मंत्री ने आगे कहा, "हर कोई जानता है कि महाराष्ट्र किसी मराठी व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनते देखने का इंतजार कर रहा है। यह महाराष्ट्र की जनता की इच्छा है। अतीत में महाराष्ट्र के पहले मुख्यमंत्री यशवंतराव चव्हाण इस अवसर से चूक गये थे। बाद में शरद पवार भी प्रधानमंत्री नहीं बन सके।" उन्होंने संकेत दिया, "मुझे विश्वास है कि 2029 या 2034 में कोई महाराष्ट्रीयन देश का प्रमुख बनेगा। यह महाराष्ट्र की जनता और किसानों की सामूहिक इच्छा है।"यह पूछे जाने पर कि उनके अनुसार महाराष्ट्र से कौन प्रधानमंत्री बन सकता है, तो उन्होंने उत्तर दिया, "देवेंद्र फडणवीस"।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित