अगरतला , मार्च 21 -- त्रिपुरा सरकार ने अगरतला में मच्छर नियंत्रण और शहर की सफाई की पहल के लिए नगर निगम को 10 करोड़ रुपये आवंटित किया है।
यह जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने शनिवार को दी। उन्होंने अगरतला की जनता का आह्वान किया है कि अपने घर व आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें ताकि मच्छरों के प्रकोप से बेहतर ढंग से निपटा जा सके। डॉ. साहा ने वार्ड सचिवों तथा स्वच्छता निरीक्षकों को खुली नालियों को साफ रखने और उनकी लगातार निगरानी करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि सरकार ने अगरतला शहर में मच्छरों के प्रकोप से निपटने के लिए विभिन्न उपाय किए हैं।
उन्होंने कहा कि अगरतला नगर निगम क्षेत्र में नालियों की नियमित सफाई की जाती है, ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके। उन्होंने ठहरे हुए पानी में मच्छरों की बढ़ती संख्या को स्वीकार किया और अगरतला में अधिकांश नालियों को ढकने के चल रहे प्रयासों तथा बड़े शहरों में मच्छर नियंत्रण की चुनौतियों का भी उल्लेख किया।
वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए मच्छर नियंत्रण और शहर की सफाई की पहल के लिए विशेष रूप से अगरतला नगर निगम को 10 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित