टिहरी , अक्टूबर 03 -- अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली उत्तराखंड राज्य की टीमों के गठन के लिए जनपद टिहरी गढ़वाल में विभिन्न खेलों के जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए गए। चयनित खिलाड़ियों को अब 7 एवं 8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग कराया जाएगा।

जिला क्रीड़ा अधिकारी नरेंद्रनगर दीपक रावत ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि 30 सितंबर को श्रीपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम मुनिकीरेती में लॉन टेनिस, वेटलिफ्टिंग, पावर लिफ्टिंग, वॉलीबाल, बास्केटबाल, तैराकी और कुश्ती समेत विभिन्न खेलों के चयन ट्रायल हुए। वहीं जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर में कैरम, चेस, बैडमिंटन और टेबल टेनिस के ट्रायल आयोजित किए गए।

तीन अक्टूबर को श्रीपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम मुनिकीरेती में एथलेटिक्स, बास्केटबाल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो और योग के पुरुष एवं महिला वर्ग तथा क्रिकेट और फुटबाल के पुरुष वर्ग के जिला स्तरीय चयन ट्रायल संपन्न हुए।

जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी 7 और 8 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से होने वाले राज्य स्तरीय ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। राज्य स्तरीय ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं के लिए उत्तराखंड की टीम का चयन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित