इटावा , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर महिला आरक्षण विधेयक को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों नेता महिला बिल को पारित कराने में बाधा खड़ी कर रहे हैं।
पर्यटन विभाग की 14 करोड़ रुपये की योजनाओं के लोकार्पण के बाद शुक्रवार शाम पत्रकारों से बातचीत में जयवीर सिंह ने कहा कि विपक्ष जनहित के इस महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने भी अपने समय में महिला बिल का विरोध किया था और आज उसी राह पर अखिलेश यादव चल रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि महिला आरक्षण विधेयक लागू होने से किसी को कोई नुकसान नहीं होगा, बल्कि इससे महिलाओं को उनका अधिकार मिलेगा। इसके बावजूद राहुल गांधी और अखिलेश यादव विरोध कर रहे हैं।
जयवीर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव अल्पसंख्यक महिलाओं को अलग आरक्षण देने की बात कर रहे हैं, जबकि भारतीय संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर वह देश में ही नहीं, विदेशों में भी भारत के खिलाफ बयान देते हैं।
मंत्री ने कहा कि सामान्यतः राष्ट्रीय महत्व के विधेयकों पर विपक्ष भी सरकार का साथ देता है, लेकिन इस बार महिला हित से जुड़े मुद्दे पर विपक्ष विरोध की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से यह विधेयक प्रस्तुत किया है और इससे महिलाओं के साथ-साथ देश का भी हित होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित