इटावा , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने शुक्रवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बड़े नेता हैं और इटावा उनकी जन्मभूमि है, ऐसे में उनके बारे में क्या कहा जाए।

कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में शामिल होने पहुंचे मंत्री कैलाश राजपूत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "अखिलेश जी बड़े नेता हैं, यह उनका जन्म जिला है। उनके पिता नेता जी मुलायम सिंह यादव का भी जन्म यहीं हुआ है, हम उनके बारे में क्या कह दें।"हमीरपुर में पुल गिरने की घटना पर भाजपा सरकार में कमीशनखोरी के अखिलेश यादव के आरोपों के सवाल पर मंत्री ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है, इसलिए वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।

सपा के पीडीए फार्मूले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 तक सपा सरकार में पुलिस भर्ती में किस जाति के लोगों की नियुक्ति हुई, यह सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि इटावा में 32 पंचायत सचिवों की नियुक्ति हुई थी, जो सैफई क्षेत्र के आसपास के थे।

बैठक के दौरान मंत्री ने विभागीय योजनाओं, विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन, उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि विभाग को प्राप्त 71 लाख रुपये की धनराशि में से 56 लाख रुपये के कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि गत वर्ष 211 तथा वर्तमान वर्ष में 183 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। शहरों में 24 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। साथ ही शहरों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 48 घंटे के भीतर खराब ट्रांसफार्मर बदलने की व्यवस्था लागू है।

मंत्री ने निर्देश दिए कि ओवरलोडिंग की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और आवश्यकता के अनुसार विद्युत भार बढ़ाकर उपकेंद्रों पर दबाव कम किया जाए। उन्होंने बार-बार खराब होने वाले ट्रांसफार्मरों के कारणों का विश्लेषण कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाए ताकि पात्र उपभोक्ता इसका लाभ ले सकें। साथ ही विद्युत कटौती और रोस्टिंग संबंधी सूचनाएं सोशल मीडिया के माध्यम से समयबद्ध तरीके से आमजन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण गुप्ता, जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल सहित विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित