लखनऊ , नवंबर 03 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में चार विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया।

श्री यादव ने पूर्वी चम्पारण के कल्यानपुर विधानसभा क्षेत्र में इंडिया गठबंधन राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी मनोज यादव, सिवान के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी ओसामा साहब, महराजगंज विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल प्रत्याशी विशाल कुमार जायसवाल और कैमूर जिला के भभुआ विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी अजीत सिंह के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए महागठबंधन के प्रत्याशी को भारी मतों से जिताने की अपील की है।

उन्होने कहा बिहार की जनता महागठबंधन की सरकार बनाने जा रही है। बिहार में बदलाव होना तय है। भाजपा का सफाया होगा। बिहार में अब भाजपा के भ्रष्टाचार का बंडलराज नहीं चलेगा। इंडिया गठबंधन भाजपा के बंडलराज को खत्म करेगा। बिहार के बजट की लूट नहीं होने देगा।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा को बजट की लूट और भ्रष्टाचार के पैसों को बंडल बनाकर बिहार के बाहर नहीं भेजने दिया जायेगा। बिहार का पैसा बिहार में खर्च होगा। भाजपा की पहचान झूठ, लूट और भ्रष्टाचार है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों से झूठे वादे किए थे। कोई वादा पूरा नहीं किया। भाजपा षड्यंत्रकारी पार्टी है। नौजवानों को नौकरी कभी नहीं दे सकती है। नौकरी, रोजगार भाजपा के एजेंडे में नहीं है। जब बिहार में तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री थे वे नौजवानों को नौकरी दे रहे थे। पूरे देश में प्रचार होने लगा था। इससे भाजपा घबरा गयी। साजिश करके उसने सरकार हटा दिया। जनता नौकरी को लेकर भाजपा की केन्द्र सरकार से सवाल करने लगी थी। इसीलिए भाजपा ने सरकार गिरा दी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित