प्रयागराज , अक्टूबर 06 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के राज्यसभा की तीन सीटों के बजाय उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर नजर होने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव राज्यसभा चुनाव में तीसरा प्रत्याशी उतारते तो भाजपा नौवां प्रत्याशी खड़ा करती। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने पहली बार समझदारी का काम किया है।
श्री मौर्य ने कहा कि तीसरा प्रत्याशी उतारने पर सपा उम्मीदवार की हार तय थी और भाजपा प्रत्याशी की जीत निश्चित थी। उन्होंने कहा कि राज्यसभा की 10 सीटों में से भाजपा के आठ और सपा के दो प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित होने जा रहे हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित होने वाले राज्यसभा सदस्यों को शुभकामनाएं भी दीं।
अखिलेश यादव के भाजपा और चुनाव आयोग के बीच संबंध होने संबंधी बयान पर श्री मौर्य ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों नेता भाजपा के सत्ता में बने रहने से बेचैन हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव वर्ष 2022 में भी 403 सीटों की बात करते थे, लेकिन उस चुनाव में सपा 113 सीटों पर सिमट गई थी।
उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की साइकिल की चेन 100 सीटें पूरी होने से पहले उतर जाएगी और पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा। अखिलेश यादव के इस बयान पर कि चुनाव आयोग उसी व्यक्ति को भारतीय नागरिक मानता है जो भाजपा का सदस्य है, मौर्य ने सवाल किया कि सपा के विधायक और सांसद क्या भारतीय नागरिकों के वोट से निर्वाचित नहीं हुए हैं? क्या वे घुसपैठियों के वोट से विधायक और सांसद बने हैं।
दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के सवाल पर मौर्य ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने और ज्ञापन देने का अधिकार है। हालांकि, उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यवस्था को चुनौती देगा तो पुलिस अपना काम करेगी।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता राधाकांत ओझा को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने के सवाल पर मौर्य ने कहा कि वह प्रयागराज के प्रतिष्ठित अधिवक्ता हैं और इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि ओझा लंबे समय से भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। प्रतापगढ़ उनका जन्मस्थान और प्रयागराज कर्मस्थली है। उनका राज्यसभा में जाना प्रयागराज के लिए गौरव की बात है।
श्री मौर्य ने कहा कि ओझा के राज्यसभा में पहुंचने से प्रयागराज और प्रदेश के मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में सभी आठ सीटों पर पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी बनाया है। जौनपुर के विद्यासागर सोनकर को भी राज्यसभा भेजा गया है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल के जन्मशताब्दी वर्ष के कार्यक्रम में शामिल होने प्रयागराज पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के रूप में देश और समाज की सेवा की यात्रा शुरू करने के बाद उनका पहला पड़ाव विश्व हिंदू परिषद रहा। उन्होंने कहा कि आज वह राजनीति के क्षेत्र में काम कर रहे हैं, लेकिन उनके विचार और संस्कार पहले जैसे ही हैं और आगे भी रहेंगे।
श्री मौर्य ने कहा कि अशोक सिंघल ने जीवनभर देश और समाज की सेवा की तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित किया। उनके सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह भी अपनी क्षमता के अनुसार इस दिशा में काम कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित