मथुरा , जुलाई 31 -- श्रीलंका स्थित महाशक्तिपीठ शांकरी देवी एवं त्रिपुरा स्थित शक्तिपीठ त्रिपुरेश्वरी देवी के दर्शन कर अपनी आध्यात्मिक 'अखंड भारत यात्रा' सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ जी महाराज शुक्रवार को धर्मनगरी गोवर्धन पहुंचे।

उनके आगमन पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जतीपुरा रोड स्थित श्री आद्य शंकराचार्य आश्रम पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त पदुम नारायण द्विवेदी ने अपनी धर्मपत्नी सीता देवी के साथ उनका स्वागत कर चरण वंदन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर गोवर्धन नगर पंचायत के अध्यक्ष मनीष लम्बरदार, वरिष्ठ नेता कुंवर नरेंद्र सिंह, बिहारी ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

शंकराचार्य जी के गोवर्धन आगमन और चातुर्मास प्रवास को देखते हुए पुलिस एवं नागरिक प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की। आश्रम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए तथा वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए मौजूद रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए।

आश्रम सूत्रों के अनुसार जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ जी महाराज इस वर्ष संपूर्ण श्रावण और भाद्रपद मास के दौरान गोवर्धन स्थित श्री आद्य शंकराचार्य आश्रम में ही निवास करेंगे। इस अवधि में वह परंपरा के अनुसार चातुर्मास्य व्रत का अनुष्ठान एवं तप संपन्न करेंगे। चातुर्मास के दौरान देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में उनके शिष्य और श्रद्धालुओं के गोवर्धन पहुंचने की संभावना है।

आश्रम प्रशासन के अनुसार चातुर्मास प्रवास के दौरान शंकराचार्य जी प्रतिदिन निर्धारित समय पर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे तथा सनातन धर्म, वेदांत और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा पर प्रवचन एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। उनके दीर्घ प्रवास को लेकर ब्रज क्षेत्र के धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों में उत्साह का वातावरण है तथा आश्रम में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित