रायपुर , अगस्त 15 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल ने शनिवार को संयुक्त रूप से पदयात्रा निकालकर 'अखंड भारत' का संदेश दिया।
यह पदयात्रा तेलीबांधा स्थित मरीन ड्राइव से शुरू होकर काली माता मंदिर तक निकाली गई। आयोजकों के अनुसार पदयात्रा का उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट करने के साथ अखंड भारत की परिकल्पना का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रवीण भाई तोगड़िया के आह्वान का उल्लेख करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अनगिनत लोगों ने बलिदान दिया है और उनके बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करना आवश्यक है। संगठन ने भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने और अखंड भारत की परिकल्पना को साकार करने का आह्वान भी किया।
पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने मरीन ड्राइव से काली माता मंदिर तक पैदल मार्च करते हुए लोगों के बीच संगठन का संदेश पहुंचाया। इसमें अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री राहुल भाटिया, सोशल मीडिया प्रभारी सूर्यकुमार राय, ग्रामीण जिला अध्यक्ष रवि देवांगन, मुकेश चक्रधारी और प्रदेश महामंत्री हेमंत साहू सहित संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित