मुंबई , अक्टूबर 23 -- ॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की हॉरर कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 25 अक्टूबर को रात आठ बजे ज़ी सिनेमा पर होगा।इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ तब्बू, परेश रावल, वामिका गब्बी, राजपाल यादव, जीशु सेनगुप्ता, असरानी, राजेश शर्मा और मिथिला पालकर प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म में डरावनी घटनाओं और हास्य के जरिए दर्शकों को मनोरंजन का नया अनुभव देने का प्रयास किया गया है।
फिल्म की कहानी अर्जुन आचार्य के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे मंगलपुर में एक पुश्तैनी महल विरासत में मिलता है। वह अपनी बहन की शादी महल में कराने की योजना बनाता है, लेकिन उसे पता चलता है कि कस्बा वधुसुर नामक एक खौफनाक राक्षस की सदियों पुरानी कहानी से जुड़ा है, जिसके बारे में मान्यता है कि वह शादी से पहले दुल्हनों को उठा ले जाता है। इसके बाद अर्जुन और उसके परिवार को रहस्यमयी घटनाओं और अप्रत्याशित परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
अक्षय कुमार ने प्रियदर्शन के साथ दोबारा काम करने को शानदार अनुभव बताते हुए कहा कि फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर खूब हंसी-मजाक हुआ।
निर्देशक प्रियदर्शन ने कहा कि हॉरर और कॉमेडी के मेल में सही टाइमिंग महत्वपूर्ण होती है। परेश रावल और वामिका गब्बी ने भी फिल्म की शूटिंग के अनुभव साझा किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित