लखनऊ , सितंबर 8 -- उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के साथ सुगम आवागमन की सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर दे रही है। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मानसून के बाद अक्टूबर से प्रदेशभर में ग्रामीण सड़कों की मरम्मत के लिए वृहद अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के तहत पेयजल योजनाओं के लिए पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने के लिए कई स्थानों पर सड़कें खोदी गई हैं। मानसून के दौरान बारिश के कारण इन सड़कों की स्थिति खराब होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अक्टूबर से अभियान शुरू कर सड़कों को दोबारा भरने, समतल करने और आवश्यकतानुसार मरम्मत का कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ ही सड़कों की स्थिति सुधारना भी जरूरी है।
जलशक्ति मंत्री ने विभिन्न जोन के अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं से क्षेत्र भ्रमण तथा रात्रि प्रवास के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को भी नियमित रूप से क्षेत्र में रात्रि प्रवास करने के निर्देश दिए, ताकि पेयजल योजनाओं के कार्यों की मौके पर निगरानी हो सके।
मंत्री ने निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार अतिरिक्त मानव संसाधन लगाकर काम में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से जल प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने और पेयजल योजनाओं के संचालन तथा जलापूर्ति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं को अधीनस्थ अभियंताओं तथा कार्यदायी संस्थाओं के कामकाज की गोपनीय रिपोर्ट तैयार कर अपर मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित