नयी दिल्ली , मार्च 30 -- नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा एयर के बेड़े में दो और विमान शामिल हो गये हैं जिससे उसके पास अब कुल 37 विमान हो गये हैं।

अकासा ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि 36वां विमान आज ही बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा हवाई अड्डे पर पहुंचा, जबकि 37वां विमान उसे सौंपा जा चुका है और इसके अप्रैल के पहले सप्ताह में भारत आने की उम्मीद है। दोनों बोइंग 737 मैक्स 8-200 विमान हैं।

ये विमान अमेरिका से सीटल स्थित बोइंग संयंत्र से आ रहे हैं। ये विशेष रूप से अकासा के निर्देशों के अनुरूप बने हैं। इनमें साफ्रां जेड200 सीट, सीट के साथ यूएसबी पोर्ट और उड़ान के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए अन्य सुविधाओं का ध्यान रखा गया है।

अगस्त 2022 में सेवा शुरू करने वाली एयरलाइंस ने बताया कि इस साल की पहली तिमाही में उसके बेड़े में छह नये विमान शामिल हुए हैं। कंपनी ने कुल 226 बोइंग मैक्स विमानों का ऑर्डर दिया था जिनमें से शेष 189 की डिलीवरी अगले छह साल में होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित