नयी दिल्ली , फरवरी 27 -- नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा ने भारत और दूसरे देशों के ट्रेवल एजेंटों तक पहुंच बढ़ाने के लिए वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी ट्रेवलपोर्ट के साथ करार किया है।
अकासा ने शुक्रवार को बताया कि दोनों कंपनियों ने ब्रिटेन की राजधानी लंदन में 26 फरवरी को यह समझौता किया। इसके तहत ट्रेवलपोर्ट के एजेंटों के वैश्विक नेटवर्क के माध्यम से अकासा की उड़ानें, ऑफर और सेवाएं वैश्विक ग्राहकों तक पहुंच सकेंगी। इससे एयरलाइन की पहुंच बढ़ेगी।
अकासा के उपाध्यक्ष (वाणिज्यिक एवं बिक्री) सागर नाइक ने कहा कि एयरलाइन के विकास और विस्तार की योजनाओं के लिए हमारे पहले वैश्विक ट्रेवल रिटेलिंग प्लेटफॉर्म का चयन महत्वपूर्ण था। एजेंटों पर ट्रेवलपोर्ट का फोकस उद्योग में अग्रणी सर्च की गति और ग्राहक सेवा एवं संतुष्टि में उसके इतिहास को देखते हुए यह चयन किया गया है।
ट्रेवलपोर्ट प्लस प्लेटफॉर्म का उपयोग करने वाले एजेंटों को अब अकासा का भी कंटेंट मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित