जयपुर , अक्टूबर 11 -- एयरलाइन अकासा एयर ने दैनिक सीधी उड़ानों के साथ मुंबई और बेंगलुरु को जोड़ते हुए रविवार को जयपुर से अपना परिचालन शुरू किया।
इस अवसर पर अकासा एयर के सह-संस्थापक एवं मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन और जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नेतृत्व की मौजूदगी में जयपुर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक औपचारिक दीप प्रज्ज्वलित कर परिचालन शुरु किया गया। उद्घाटन उड़ान के पहले यात्री को एक विशेष बोर्डिंग पास भी भेंट किया गया।
उद्घाटन उड़ान जयपुर से पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे रवाना हुई और बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अपराह्न दो बजे पहुंची। कंपनी ने बताया कि एयरलाइन 15 अक्टूबर से उदयपुर से भी अपना परिचालन शुरू करेगी, जिससे राजस्थान में उसकी उपस्थिति और भी मजबूत होगी और राज्य के प्रमुख पर्यटन तथा वाणिज्यिक केंद्रों तक पहुंच बढ़ेगी।
इस अवसर पर श्री श्रीनिवासन ने कहा कि शुरुआत से ही हमारा ध्यान एक ऐसा मजबूत नेटवर्क बनाने पर रहा है जो भारत की संपूर्ण यात्रा मांग को पूरा करे। उन्होंने बताया कि आज से प्रभावी हुई उड़ानों में उड़ान संख्या में क्यूपी 1153 मुंबई से सुबह 09:10 बजे रवाना होकर नॉन स्टॉप 11:10 बजे जयपुर पहुंचेगी।
इसी तरह उड़ान संख्या क्यूपी 1154 जयपुर से दोपहर 12 बजे रवाना होकर 13:55 बजे मुंबई पहुंचेगी। उड़ान संख्या क्यूपी 1529 बेंगलुरु से सुबह 08:20 बजे रवाना होकर 10:50 बजे जयपुर पहुंचेगी। इसी प्रकार उड़ान संख्या क्यूपी 153 जयपुर से 11:30 बजे रवाना होकर अपराह्न दो बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। ये सभी सीधी उड़ानें हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित