नयी दिल्ली , जून 22 -- देश की नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा एयर के बेड़े में सोमवार को 39वां विमान शामिल हो गया।
एयरलाइंस ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उसे बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज वीटी-वाईबीपी पंजीकरण संख्या वाले बोइंग 737 मैक्स 8-200 विमान की डिलीवरी प्राप्त हुई। यह इस साल जनवरी से अबतक उसके बेड़े में शामिल होने वाला आठवां विमान है। इससे कंपनी के नेटवर्क विस्तार में मदद मिलेगी तथा परिचालन क्षमता और मजबूत होगी।
यह विमान अकासा एयर की विशेष आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें सैफ्रां जेड200 सीटें लगायी गयी हैं। यह अगली पीढ़ी की सीटिंग व्यवस्था यात्रियों के उड़ान अनुभव को बेहतर बनाने के लिए डिजाइन की गयी है। इन सीटों में चार इंच तक पीछे झुकने की सुविधा, एर्गोनॉमिक डिजाइन वाला बैकरेस्ट और अतिरिक्त कुशनिंग दी गयी है। साथ ही, आधुनिक यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यूएसबी-सी और यूएसबी-ए पोर्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करायी गयी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित