अमृतसर , मई 03 -- श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने "जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026" पर सिख समुदाय की आपत्तियों को देखते हुए पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को चर्चा के लिए आमंत्रित किया है। श्री संधवां को आगामी 8 मई को श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय में उपस्थित होकर इस कानून की धाराओं पर विस्तार से चर्चा करने को कहा गया है।

यह निर्णय रविवार को जत्थेदार ज्ञानी गड़गज्ज की अध्यक्षता में आयोजित सिख विद्वानों, कानूनी विशेषज्ञों और बुद्धिजीवियों की विशेष बैठक में लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से कहा गया कि पंजाब सरकार द्वारा पारित यह कानून सिख धार्मिक मामलों में सीधा हस्तक्षेप है। वक्ताओं ने सवाल उठाया कि खालसा पंथ और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को विश्वास में लिए बिना यह संशोधन क्यों किया गया। जत्थेदार ने स्पष्ट किया कि सरकार बेअदबी के दोषियों को सजा देने के लिए सख्त कानून बनाए, लेकिन धार्मिक विषयों को राज्य के कानून के दायरे में लाना अस्वीकार्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित