अमृतसर , अक्टूबर 14 -- श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने पायल (लुधियाना) के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा से जुड़े मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के कुछ विधायकों और नेताओं को अब 16 अक्टूबर को सुबह 11 बजे अकाल तख्त सचिवालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होकर स्पष्टीकरण देने के लिए तलब किया है। पहले उन्हें 15 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे पेश होने के लिए कहा गया था।

अकाल तख्त सचिवालय की ओर से बुधवार को जारी जानकारी के अनुसार, नशों के खिलाफ आवाज उठाने वाले मानसा के परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में उनके परिवार ने 15 अक्टूबर को पंजाब बंद का आह्वान किया है। इसे देखते हुए जत्थेदार के आदेश पर पेशी की तारीख बदल दी गई है।

सचिवालय प्रभारी बगीचा सिंह ने बताया कि 15 अक्टूबर को सचिवालय में जांच समिति की बैठक भी निर्धारित थी, जिसमें विभिन्न मामलों से संबंधित पक्षों को बुलाया गया था। पंजाब बंद के आह्वान का समर्थन करते हुए बैठक फिलहाल स्थगित कर दी गई है। संबंधित पक्षों को अगली तारीख की सूचना बाद में दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित