चंडीगढ़ , जून 15 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा विवादित वीडियो मामले में दिये गये फैसले के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान से नैतिक आधार पर तत्काल इस्तीफे की मांग की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं रह जाता।

राजा वड़िंग ने कहा कि मुख्यमंत्री को इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी भी तोड़नी चाहिए। उन्होंने कहा, " पंजाब के लोग इतने गंभीर आरोपों पर मुख्यमंत्री के जवाब का इंतजार कर रहे हैं। "कांग्रेस नेता ने कहा कि दुनिया भर के सिखों के लिए श्री अकाल तख्त साहिब सर्वोच्च धार्मिक एवं पंथक प्राधिकरण है और उसके फैसलों का सम्मान करना हर सिख का दायित्व है। उन्होंने कहा कि कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज्ज ने दो अलग-अलग फोरेंसिक प्रयोगशालाओं की जांच के आधार पर मुख्यमंत्री से संबंधित विवादित वीडियो को प्रामाणिक बताया है।

राजा वड़िंग ने कहा कि अकाल तख्त साहिब के प्रति सम्मान और सिख भावनाओं का आदर करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान को तुरंत पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील मामला है और मुख्यमंत्री को स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब राज्य सरकार ने बेअदबी रोकने के लिए सख्त कानून बनाया है, तब मुख्यमंत्री पर भी समान नैतिक मानदंड लागू होने चाहिए।

राजा वड़िंग ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उच्च पदों पर बैठे लोगों को संदेह से परे होना चाहिए और जनता के विश्वास को बनाये रखना चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मामले पर स्पष्ट जवाब देने और पंजाब की जनता के सामने अपना पक्ष रखने की भी मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित