कौशांबी , जून 19 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र स्थित जजौली गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित किए जाने की घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

सूत्रों के अनुसार गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की एक पुरानी प्रतिमा स्थापित थी। आरोप है कि गुरुवार रात अज्ञात शरारती तत्वों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों के लिए घरों से निकले तो उन्होंने प्रतिमा को खंडित अवस्था में देखा।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित