होशियारपुर , सितंबर 16 -- पंजाब में होशियारपुर जिले के बरियां कलां गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा कथित रूप से क्षतिग्रस्त किये जाने के विरोध में बुधवार को अलग-अलग प्रदर्शन कर रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गयी और इसी दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता विजय सांपला के चेहरे पर मामूली चोटें आयी।
भाजपा के जिला अध्यक्ष नितिन गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा नेता और कार्यकर्ता प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मौके पर पहुंचे थे। वहीं, ग्रामीणों और बसपा कार्यकर्ताओं का पहले से धरना चल रहा था। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारे लगाये।
श्री सांपला ने आरोप लगाया कि जब वह प्रदर्शनकारियों को संबोधित करने पहुंचे तो कुछ लोगों ने उनसे माइक छीन लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हुई और उनके चेहरे पर चोट लगी। उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। उन्होंने इसे पूर्व नियोजित घटना बताते हुए आरोप लगाया कि माहौल बिगाड़ने के लिए कुछ तत्वों को लगाया गया था।
बसपा के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य अवतार सिंह करीमपुरी ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण धरने को बाधित करने का प्रयास किया और धक्का-मुक्की के दौरान माइक टूट गया। उन्होंने प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के आरोपियों और झड़प में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने 18 सितंबर को होशियारपुर में प्रदर्शन का आह्वान दोहराते हुए प्रशासन से तब तक आरोपियों को गिरफ्तार करने और मौके पर डॉ. अंबेडकर की नयी प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने पर बसपा आगे की कार्रवाई की घोषणा करेगी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौके से चले गये।
पंजाब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और वरिष्ठ भाजपा नेता तीक्ष्ण सूद ने भी घटना की निंदा करते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे मामले की जांच की मांग की।
पुलिस के अनुसार, 14 और 15 सितंबर की दरमियानी रात बरियां कलां गांव की अनाज मंडी के पास स्थापित अंबेडकर की प्रतिमा पर अज्ञात लोगों ने कथित रूप से पत्थर फेंके, जिससे प्रतिमा के उठे हुए हाथ की एक अंगुली क्षतिग्रस्त हो गयी। चब्बेवाल थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटना से संबंधित बताये जा रहे एक वीडियो की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित