भिण्ड , सितंबर 17 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के ग्राम सींगपुरा में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने ऊमरी थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस के अनुसार बुधवार को प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण थाने पहुंचे और आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरेश भैया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रतिमा स्थल पर दूसरी प्रतिमा स्थापित कराने, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और बाउंड्रीवॉल बनवाने की मांग रखी।

ग्रामीणों का कहना था कि प्रतिमा स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण ऐसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन सक्रिय हुए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार जांच में तेज भदौरिया, गोरे भदौरिया और प्रशांत भदौरिया की पहचान सामने आई, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

ऊमरी थाना प्रभारी बृजेंद्र सेंगर ने बताया कि प्रतिमा को क्षति पहुंचाने के मामले में तीन आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। तीनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए पुलिस ने उन्हें मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया। दूसरी प्रतिमा स्थापित कराने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और बाउंड्रीवॉल निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन स्तर पर भी प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित