बैतूल , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम वडली निवासी एक युवक द्वारा कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद बहुजन समाज के लोग बड़ी संख्या में मुलताई थाने पहुंचे और आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

समाज के प्रतिनिधियों जेडी पाटिल और रम्मू पाटिल ने कहा कि इस कृत्य से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई आवश्यक है, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी एस.के. सिंह एवं थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार मौके पर पहुंचे और लोगों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराया। उन्होंने आश्वस्त किया कि कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी शिवराज राजपूत के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वीडियो की सत्यता सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित