लखनऊ , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने बी आर अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उन्हें नमन करते हुए देशवासियों, विशेषकर पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का पूरा जीवन गरीबों, वंचितों, शोषितों और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और सम्मान के लिए संघर्ष में बीता। मायावती ने अपने संदेश में कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से समानता और न्याय की गारंटी सुनिश्चित की, जिससे वे अमर हो गए और देश हमेशा उनका कृतज्ञ रहेगा। उन्होंने बसपा समर्थकों द्वारा पूरे देश में श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए धन्यवाद भी दिया।
इसके साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्यों की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि बाबा साहेब के मानवतावादी और बहुजन-कल्याणकारी संविधान के उद्देश्यों को सही ढंग से लागू किया गया होता, तो आज देश पूरी तरह आत्मनिर्भर और विकसित बन चुका होता।
उन्होंने आरोप लगाया कि अभी भी देश में करोड़ों लोग गरीबी, बेरोजगारी, जातिवाद और शोषण जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित