हनुमानगढ़ , दिसम्बर 06 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी में शुक्रवार को देर रात अंबेडकर चौक से एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति से टकरा गयी, जिससे चौक को नुकसान पहुंचा।

इस हादसे में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पूरी तरह सुरक्षित रही। इस घटना के कारण अंबेडकर नवयुवक संघ द्वारा शनिवार सुबह चौक पर आयोजित होने वाला स्मृति कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। अब इस कार्यक्रम को शाम को टिब्बी के अंबेडकर भवन में आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गत्ते के बंडलों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली हनुमानगढ़ टाउन मार्ग की ओर से टिब्बी में प्रवेश कर रही थी। टिब्बी में प्रवेश करते ही मुख्य अंबेडकर चौक को चालक अंधेरे की वजह से देख नहीं पाया और ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे चौक से टकरा गयी। डॉ अंबेडकर प्रतिमा को हालांकि कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली थाने ले गयी। टिब्बी थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर हंसराज लूणा ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित